×

यहां तेल में नहाने दूर-दूर से लोग आते हैं, दूर हो जाती हैं कई तरह की बीमारियां

 

ल़ाईफस्टाइल न्यूज डेस्क।। रोजाना नहाना सेहत के लिए अच्छा माना जाता है, आमतौर पर लोग घर में ही पानी से नहाते हैं लेकिन कई बार सुनने में आता है कि कोई दूध से भी नहाता है। या फिर कुछ लोगों को किसी बीमारी के कारण दही से नहाने की सलाह भी दी जाती है। इसके अलावा हमारे देश में गंगा या यमुना में स्नान करना भी शुभ माना जाता है, लेकिन आज हम आपको एक ऐसे देश के बारे में बताने जा रहे हैं जहां तेल स्नान लोकप्रिय है। हालांकि हर कोई तेल से नहीं नहाता है, लेकिन कुछ बीमार लोगों को ही विशेष प्रकार के तेल से नहलाया जाता है।

दरअसल, ईरान की सीमा से लगे देश अजरबैजान के नफतलान शहर में एक ऐसी जगह है, जहां लोग कच्चे तेल से भरे बाथटब में नहाने आते हैं। यहां कच्चे तेल का उपयोग विभिन्न रोगों को ठीक करने के लिए किया जाता है। कहा जाता है कि कच्चे तेल में नहाने से 70 से ज्यादा बीमारियां ठीक हो जाती हैं। विशेषज्ञों का दावा है कि कच्चा तेल न्यूरोलॉजिकल और त्वचा संबंधी समस्याओं के लिए फायदेमंद होता है। रोग को ठीक करने के लिए रोगी 130 लीटर कच्चे तेल में 40 डिग्री के तापमान पर स्नान करता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि जिन लोगों की हड्डियों में गैप होता है उनके लिए कच्चे तेल के बाथटब में नहाने से हड्डियां जुड़ती हैं और राहत भी मिलती है। मरीजों को सीमित समय के लिए ही तेल के बाथटब में स्नान करने की अनुमति है। लंबे समय तक कच्चे तेल में नहाने से तेल में मौजूद केमिकल के कारण शरीर पर बुरा असर पड़ सकता है और यहां तक ​​कि मौत भी हो सकती है। दरअसल यह कोर्स 10 दिनों का होता है। रोगी दिन में एक बार केवल 10 मिनट के लिए तेल में स्नान कर सकते हैं। इस स्वास्थ्य केंद्र में कजाकिस्तान, जर्मनी, रूस समेत एशियाई और यूरोपीय देशों के हजारों लोग इस तरह से अपना इलाज कराने यहां पहुंचते हैं।