Follow us

कांग्रेस की पीढ़ियों को विरासत में मिला है भ्रष्टाचार करने का तरीका, गरीबों का दमन और तुष्टिकरण करना : भाजपा

 
कांग्रेस की पीढ़ियों को विरासत में मिला है भ्रष्टाचार करने का तरीका, गरीबों का दमन और तुष्टिकरण करना : भाजपा

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस) । भाजपा ने विपक्षी गठबंधन में शामिल राजनीतिक दलों के खिलाफ चलाए जा रहे अपने 'घमंडिया फाइल्स अभियान' के तहत सोमवार को 16 वां एपिसोड जारी कर कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि भ्रष्टाचार ही कांग्रेस का संस्कार है और घोटालों का पर्याय बन चुकी कांग्रेस की पीढ़ियों को विरासत में भ्रष्टाचार करने का तरीका, गरीबों का दमन और तुष्टिकरण करना मिला है, जिसे नेहरू-गांधी परिवार की पीढ़ियों ने आगे बढ़ाया है।

भाजपा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 9 मिनट 23 सेकंड का एक वीडियो जारी करते हुए पोस्ट कर कहा, "घोटालों का पर्याय बन चुकी कांग्रेस की पीढ़ियों को विरासत में मिला है भ्रष्टाचार करने का तरीका, गरीबों का दमन और तुष्टिकरण करना। जिसे नेहरू-गांधी परिवार की पीढ़ियों ने आगे बढ़ाया है। घमंडिया फाइल्स के 16वें एपिसोड में देखिए, भ्रष्टाचार ही कांग्रेस का संस्कार।"

भाजपा ने वीडियो में इंदिरा गांधी के कार्यकाल में हुए कई कथित घोटालों को गिनाते हुए आरोप लगाया गया है, "इंदिरा गांधी ने नेहरू से मिले भ्रष्टाचार की विरासत को बहुत ही शानदार तरीके से आगे बढ़ाया। वर्ष 1974 में इंदिरा गांधी की सरकार में जो मारुति घोटाला हुआ, उसमें इंदिरा गांधी ने नियमों का उल्लंघन कर लाभ पहुंचाया। इस कंपनी को लाइसेंस दिलवाने में भी इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री होते हुए अपनी शक्तियों का दुरुपयोग किया।

मारुति टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड में सोनिया गांधी को एमडी बनाया गया। जबकि, सोनिया गांधी के पास जरूरी तकनीकी योग्यता भी नहीं थी। कंपनी को इंदिरा सरकार की तरफ से टैक्स, फंड और जमीन को लेकर कई छूट दी गई। लेकिन, कंपनी बाजार में उतरने लायक एक भी कार नहीं बना सकी। सरकार के पैसों को इंदिरा गांधी ने मारुति कंपनी पर लुटा दिया।

इस घोटाले के बाद इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का कत्ल किया। संविधान द्वारा लोगों को दिए गए अधिकारों को छीन लिया गया। आपातकाल के बाद इंदिरा गांधी जब फिर से सत्ता में लौटी तो लूट का वही सिलसिला फिर से शुरू हो गया। भाजपा ने राजीव गांधी के कार्यकाल के बोफोर्स घोटाले सहित पीवी नरसिम्हा राव और यूपीए की मनमोहन सिंह सरकार में भी कई घोटालों का दावा करते हुए कांग्रेस और गांधी परिवार पर जमकर निशाना साधा।

--आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

Tags

From around the web